Maurya News18, Patna
Political Desk

बिहार विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो चुका है। शुक्रवार को विधायक खासकर विपक्षी पार्टियों के एमएलए अनोखे अंदाज में विधानसभा पहुंचे। बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध प्रकट करने के लिए कोई मिट्टी का चूल्हा लेकर विधानसभा पहुंचा तो कोई जलावन के साथ।
राजापाकर की कांग्रेस विधायक प्रतिमा कुमारी तो हाथ में मिट्टी का चूल्हा लेकर ही विधानसभा परिसर आ गईं। वहीं जलावन का इंतजाम कदवा से कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने किया। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ समस्तीपुर से आरजेडी के विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन साइकिल से विधानसभा पहुंचे। विधानसभा परिसर में भाकपा माले के विधायक बैनर-पोस्टर लेकर कृषि बिल का विरोध करते दिखे।

गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से महिलाएं परेशान
राजापाकर की कांग्रेस विधायक प्रतिमा कुमारी ने कहा कि रोज-रोज गैस सिलेंडर का दाम बढ़ेगा तो कहां से गरीब परिवार की महिलाएं गैस चूल्हे पर खाना बना पाएंगी। बढ़ी कीमत के विरोध में मिट्टी का चूल्हा लेकर आई हूं क्योंकि अब यही विकल्प बच गया है।

वहीं प्रतिमा का साथ देने के लिए कदवा से कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान जलावन लेकर विधानसभा पहुंच गए। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तालिका लेकर यहां बैठा हूं। सरकार ने महंगाई कम करने के क्या वादे किए थे और आज उसकी क्या स्थिति है।
साइकिल से विधानसभा पहुंचे आरजेडी विधायक
महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करने में आरजेडी के विधायक भी पीछे नहीं थे। समस्तीपुर विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उनका कहना था कि पेट्रोल की कीमत बढ़ जाने से उन्हें साइकिल का सहारा लेना पड़ा। राजद के ही दूसरे विधायक मुकेश रौशन हाजीपुर से साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। उनका कहना था कि सिर्फ आम लोग ही नहीं बल्कि विधायक भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। मुकेश महुआ से विधानसभा का चुनाव जीते हैं।

दूसरी ओर एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि सीमांचल के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार हुआ है। बाढ़ पीड़ित परिवार अभी भी सड़क किनारे रहने को मजबूर हैं। उन्हें सहायता राशि नहीं मिली है। सीमांचल के बाढ़ पीड़ितों के लिए अलग से व्यवस्था होनी चाहिए।
बता दें कि बजट सत्र 24 मार्च तक चलेगा। एक महीने पांच दिन तक चलने वाले इस बजट सत्र के दौरान एनडीए की ओर से बीजेपी विधायक और बिहार के डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद 22 फरवरी को बिहार का बजट पेश करेंगे। इस बार नये चेहरों की बात करें तो 106 लोग विधानसभा पहुंचे हैं।
