- संस्था द्वारा डा. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल से 5 जून तक प्रांत स्तरीय पर्यावरण जागरण अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है
- अभियान के तहत लोगों से मिलकर एवं उनके साथ बैठक कर उनके बीच पर्यावरण जागरूकता लाने निमित्त विषय संबंधित पोस्टर एवं पैंपलेट बांटा जा रहा है व दीवार लेखन के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है

रांची : विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा के अवसर पर 5 जून को विकास भारती बिशुनपुर द्वारा संचालित परियोजनाओं द्वारा अपने अपने क्षेत्रों में पर्यावरण जागरूकता एवं नदी पूजन का कार्यक्रम किया जाएगा। जिसमें सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग शामिल होंगे। इससे पूर्व संस्था द्वारा डा. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल से 5 जून तक प्रांत स्तरीय पर्यावरण जागरण अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान को झारखंड राज्य के रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, दुमका, गोड्डा, सरायकेला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम एवं सिमडेगा जिलों के 100 से अधिक गांवों में संस्था द्वारा संचालित सभी परियोजनाओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।

इसका लक्ष्य पर्यावरण दिवस (5 जून) तक 350 गांवों में इस अभियान को पहुंचाने का है। अभियान द्वारा जल, जंगल एवं जमीन के संरक्षण के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत जंगल में आग न लगे इसके लिए सतर्क रहना, जल के प्राकृतिक श्रोतों, पुराने कुएं, तालाब एवं अन्य जलश्रोतों को सुरक्षित करना, अधिक से अधिक पौधारोपण के प्रति जागरूक करना एवं पुराने वृक्षों को कटने से रोकना आदि विषयों के प्रति समाज को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों से मिलकर एवं उनके साथ बैठक कर उनके बीच पर्यावरण जागरूकता लाने निमित्त विषय संबंधित पोस्टर एवं पैंपलेट बांटा जा रहा है। साथ ही दीवार लेखन के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
Maurya News18 Ranchi.