होमखबरकक्षा छठी से 11वीं तक के मेधावी विद्यार्थियों को स्कालर बैज से...

Latest Posts

कक्षा छठी से 11वीं तक के मेधावी विद्यार्थियों को स्कालर बैज से किया सम्मानित…

  • दिल्ली पब्लिक स्कूल रांची में मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित

रांची : दिल्ली पब्लिक स्कूल रांची (DPS Ranchi) ने विवेकानंद सभागार में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया। जिसमें सत्र 2024-25 के कक्षा छठी से 11वीं तक के मेधावी विद्यार्थियों को स्कालर बैज से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राकेश रंजन (IPS) एसएसपी, रांची मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे जबकि विद्यार्थियों के अभिभावकों की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा मधुर प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन किया गया।

विद्यालय की प्राचार्या डा. जया चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य अतिथि को सैंपलिंग और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग नृत्य कार्यक्रम ने समारोह में सांस्कृतिक सौंदर्य और उत्साह का संचार किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 188 मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, लगन और निरंतर मेहनत के लिए सम्मानित किया जाना था। विद्यार्थियों को सात वर्षों की निरंतर उत्कृष्टता के लिए सेकेंड ब्ल्यू टाई, छह वर्षों के लिए सेकेंड ब्ल्यू ब्लेजर, पांच वर्षों के लिए स्कालर ब्ल्यू बैज, चार वर्षों के लिए स्कालर ब्ल्यू टाई, तीन वर्षों के लिए स्कालर ब्ल्यू ब्लेजर, दो वर्षों के लिए स्कालर बैज और एक वर्ष के लिए स्कालर बैज प्रदान किए गए। साथ ही 38 विद्यार्थियों को इंडियन ओलंपियाड क्वालीफायर इन मैथेमेटिक्स 2025 में सफलता के लिए सम्मानित किया गया।

जब विद्यार्थी मंच पर सम्मान ग्रहण करने पहुंचे तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। हर किसी के चेहरे खिले हुए थे।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की अकादमिक श्रेष्ठता और नैतिक मूल्यों की सराहना की। उन्होंने कहा यह सम्मान केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं बल्कि अनुशासन, धैर्य और दृढ़संकल्प का प्रतीक है। यहां बैठे प्रत्येक विद्यार्थी हमारे देश के उज्ज्वल भविष्य के वाहक हैं। सच्ची सफलता पदक या प्रमाणपत्र में नहीं बल्कि उस विनम्रता में है जो आप बनाए रखते हैं और उस सकारात्मक परिवर्तन में जो आप समाज में लाते हैं।

प्राचार्या ने कहा हमारे विद्यार्थी डीपीएस रांची का गौरव हैं, लेकिन हर सफल विद्यार्थी के पीछे एक अभिभावक का अटूट समर्थन और एक शिक्षक का समर्पण होता है, जो उनके पथ को आलोकित करता है। अभिभावक हमारी सबसे मजबूत नींव हैं और शिक्षक वे मार्गदर्शक हैं जो जिज्ञासा और आत्मविश्वास को प्रेरित करते हैं। समारोह का समापन वोट आफ थैंक्स के साथ हुआ।
Maurya News18 Ranchi.

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss