होम ब्लॉग पेज 29

होंडा मोटरसाइकल एंड स्‍कूटर इंडिया ने नई 2025 लिवो लॉन्‍च की, जाने क्या है फीचर्स

– लिवो बोल्ड डिजाइन और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन संयोजन है, जो राइडिंग को और भी शानदार अनुभव बनाती है

रांची : होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने शहरी युवाओं के लिए OBD2B मानकों के अनुरूप नई लिवो बाइक लॉन्च की है। यह नई लिवो बोल्ड डिजाइन और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन संयोजन है, जो राइडिंग को और भी शानदार अनुभव बनाती है। 2025 होंडा लिवो की शुरुआती कीमत एक्स-शोरूम दिल्ली में 83,080 रुपये रखी गई है। इस लॉन्च के अवसर पर होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर, प्रेसिडेंट और सीईओ सुतसुमु ओटानी ने कहा, हम नई 2025 लिवो को पेश करते हुए बेहद उत्साहित हैं। होंडा का उद्देश्य हमेशा से कम्यूटर बाइक सेगमेंट में नए मानक स्थापित करना रहा है। 2025 लिवो न केवल अपने शानदार स्टाइल बल्कि उन्नत फीचर्स के साथ ग्राहकों को एक बेहतरीन अनुभव प्रदान करेगी। हमें भरोसा है कि यह बाइक भारतीय राइडर्स की विविध जरूरतों को पूरी तरह से संतुष्ट करेगी।

इस लॉन्च के अवसर पर होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के सेल्स और मार्केटिंग डायरेक्टर योगेश माथुर ने कहा, होंडा लिवो हमेशा से हमारे ग्राहकों की पसंदीदा बाइक रही है। 2025 मॉडल के जरिए हमारा लक्ष्य इसकी बाजार में स्थिति को और मजबूत करना है। नई लिवो में तकनीक और डिजाइन का ऐसा तालमेल है जो होंडा की गुणवत्ता और नवीनता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह बाइक न केवल आधुनिक फीचर्स से लैस है, बल्कि व्यावहारिकता और स्टाइल का बेहतरीन संयोजन भी पेश करती है। हमें विश्वास है कि यह भारत के राइडर्स के लिए ‘लिव लाइफ, लिवो स्टाइल’ का एक भरोसेमंद साथी साबित होगी।
Maurya News18 Ranchi.

प्रयागराज के तट पर उमड़ा श्रद्धा और आस्था का ‘संगम’

– महाकुंभ में अब तक 60 लाख लोगों ने किया प्रयागराज के तट पर पवित्र स्नान

प्रयागराज : शाही स्नान के साथ ही प्रयागराज (Prayagraj) के संगम तट पर श्रद्धा और आस्था की भीड़ उमड़ पड़ी है। महाकुंभ का आगाज हो गया है। आज पवित्र स्नान का पहला दिन है और लाखों लोगों ने स्नान करना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस बार महाकुंभ में 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र स्नान करने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले का दिव्य और भव्य शुभारंभ हो गया है। आज से शुरू होकर 26 फरवरी तक चलने वाले महाकुंभ में इस बार 40 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु शामिल होने का अनुमान है। पहले दिन से ही तीर्थ राज प्रयाग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई है। वैसे तो कुंभ में सभी दिन भक्तों की भारी भीड़ लगने की संभावना है, लेकिन शाही स्नान वाले दिन ये भीड़ कई गुना ज्यादा तक बढ़ सकती है।

आस्था और आधुनिकता का संगम :
उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया करीब 60 लाख लोग अब तक आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। इस बार यह आस्था और आधुनिकता का संगम है। पारंपरिक पुलिस व्यवस्था से इतर तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल कर श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था दी गई है। आज पुष्प वर्षा भी होगी। सब कुछ सुचारू और निर्बाध चल रहा है। इस बार कुंभ भव्य, दिव्य, डिजिटल और सुरक्षित हो, इसके लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।
Maurya News18 Prayagraj.

क्रिकेट लीग में शामिल दस टीमों ने खेले 8 मैच, लोगों में उत्साह, जानें कौन बना चैंपियन…

  • हजाम प्रीमियर लीग-2025 सह सम्मान समारोह का हुआ आयोजन

रांची : सिल्ली (Silli) अंतर्गत बंता हजाम के दक्षिणी पंचायत के ग्राम हजाम में हजाम प्रीमियर लीग क्रिकेट मैच सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस क्रिकेट लीग में कुल 8 मैच खेले गए, जिसमें 10 टीमों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। हर मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश, जूनून और उत्साह देखते ही बन रहा था। लीग के आयोजक समितियों ने अतिथियों का स्वागत करते कहा आज के समय में खेलों को अत्यधिक महत्व देना बहुत आवश्यक है क्योंकि खेल और शारीरिक गतिविधियां जीवन में मानसिक शांति लाती हैं। खिलाड़ियों के ऊर्जा स्तर को देखकर अतिथि बहुत खुश हुए और कहा कि जीवन में खेल गतिविधियां सभी को मानसिक रूप से फिट रखती हैं। खेल व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी खेल भावना, प्रतिस्पर्द्धा की भावना और सहनशक्ति को बढ़ाता है।

टीम नवजागरण क्लब हजाम ने जीता मैच :
टीम नवजागरण क्लब हजाम ने टीम बिरसा क्लब हजाम को 10 रनों से फाइनल मैच (Final Match) में हराकर हजाम क्रिकेट लीग 2025 का कप अपने नाम किया। विजेता टीम को रनिंग ट्राफी, विनिंग ट्राफी तथा 5000 रुपये देकर और उपविजेता टीम को ट्राफी तथा 3000 रुपये देकर सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों को मेडल के साथ सम्मानित किया गया। बिरसा क्लब के संदीप कोईरी ने अपना शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए प्लेयर आफ द लीग अपने नाम किया तथा फाइनल मैच में नवजागरण क्लब के उमेश प्रसाद कोईरी को मैन आफ द मैच चुना गया। बेस्ट बालर के रूप में बुधराम कोईरी चुना गया। सम्मान समारोह में कला और संस्कृति क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गांव के सज्जनों को सम्मानित भी किया गया। दर्शकों ने आयोजक समिति सदस्यों के प्रयासों की सराहना की और धन्यवाद देते कहा ऐसे आयोजन आए दिन होते रहना चाहिए ताकि खिलाड़ियों को अपने हुनर का प्रदर्शन करने का उचित अवसर मिलता रहे।

ये रहे उपस्थित :
आयोजक समिति में अध्यक्ष बलराम मुखियार, किशोर मुंडा, विश्वनाथ हजाम, गोविंदा मुंडा, तारकेश्वर मुंडा, सुकुमार मांझी, राकेश मांझी, विमल केशरी आदि उपस्थित रहे।
Maurya News18 Ranchi.

स्वामी विवेकानंद से युवाओं को प्रेरणा लेने की है आवश्यकता : सुभाष झा

यूथ हॉस्टल की ओर से राष्ट्रीय युवा दिवस का किया गया आयोजन

कटिहार : यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की कटिहार जिला इकाई की ओर से स्वामी विवेकानंद की जयंती पर शहर के आदित्य पब्लिक स्कूल के सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं को स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेने की आवश्यकता पर बल दिया गया। मौके पर शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को उनके कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शहर के बरमसिया जगन्नाथ मंदिर के सचिव अरविंद कुमार यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की। इस अवसर पर प्रतिभा पब्लिक स्कूल के निदेशक निखिल कुमार झा ने कहा यूथ हॉस्टल का यह कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करेगा और समाज के वरिष्ठ नागरिकों को भी दिल से युवा होने की जरुरत है। कार्यक्रम की शुरुआत करते एसोसिएशन की कटिहार जिला इकाई के सचिव सुभाष झा ने यूथ हॉस्टल के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विषय प्रवेश कराया। संत करेंस स्कूल के प्रबंध निदेशक एके गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने के लिए सभी स्कूलों में इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। शिक्षक अरुण कुमार चौबे ने कहा स्वामी जी की जयंती के माध्यम से युवाओं में प्रेरणा का संचार होगा। मौके पर उत्तर ग्रामीण बिहार बैंक के शाखा प्रबंधक संजीव कुमार, संतोष कुमार, भरत कुमार आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इन्हें किया गया सम्मानित : हॉस्टल के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य राज कुमार राय के अलावा शिक्षक-शिक्षिकाओं में आदित्य पब्लिक स्कूल की प्राचार्य खुशबू झा, स्नेह श्रीवास्तव, बबिता सिन्हा, राहुल सिंह, अपराजिता घोष, संजय कुमार, राजीव कांति, रूमा कुमारी, नेहा कुमारी, त्रिशिला विश्वास को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Maurya News18 Katihar.

15 एवं 16 जनवरी को राज्य के सभी विश्वविद्यालय के कर्मचारीगण करेंगे सांकेतिक हड़ताल

– आंदोलन विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के द्वारा उनके 7वें वेतन में वेतन निर्धारण, एसीपी एमएसीपी को लागू करने एवं सरकार से सेवानिवृति की आयु सीमा 62 वर्ष करने से संबंध में है जारी

रांची : सिद्धो कान्हू मुर्मु विश्वविद्यालय (SKMU) में चल रहे विगत एक माह से शांतिपूर्ण आंदोलन को 10 जनवरी की रात चुपके से लगभग 8 बजे पुलिस प्रशासन ने विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ मिलकर विश्वविद्यालय का जबरन ताला तोड़ दिया। यह कार्रवाई दर्शाता है कि पुलिस प्रशासन जो राज्य का प्रतिनिधित्व करता है, वह कर्मचारियों के खिलाफ और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ है। यह आंदोलन विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के द्वारा उनके 7वें वेतन में वेतन निर्धारण, एसीपी एमएसीपी को लागू करने एवं सरकार से सेवानिवृति की आयु सीमा 62 वर्ष करने से संबंध में जारी था, जिसे वर्तमान में विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के द्वारा विश्वविद्यालय के गेट पर चलाया जा रहा है।

विश्वविद्यालय का जबरन ताला तोड़ने, कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा करने एवं आंदोलन को जबरन तोड़ने की साजिश के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं राज्य के पुलिस प्रशासन को झारखंड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ घोर निंदा करते हुए और आंदोलन के समर्थन में महासंघ की ओर से महामंत्री विश्वम्भर यादव, अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय, कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र ठाकुर, कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय सचिव चंदन कुमार, रांची विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय सचिव सुनील कुमार यादव, महासंघ के उपाध्यक्ष संतोष कुमार, महासंघ के संयुक्त सचिव वेद प्रकाश शुक्ला, सिद्धो कान्हू मुर्मु विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय सचिव नेतलाल मुर्मु और विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के रविदास ने चेतावनी देते आह्वान किया कि 15 एवं 16 जनवरी को राज्य के सभी कर्मचारीगण सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे। महासंघ ने राज्य सरकार को चेतावनी देते कहा कर्मचारियों की उचित मांगे नहीं मानी गई तो राज्य के सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसके जिम्मेदार राज्य सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन होंगे।
Maurya News18 Ranchi.

JEE Mains 2025 : जेईई मेंस परीक्षा 22 से होगी शुरू, 30 जनवरी को पेपर टू की होगी परीक्षा

  • परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र परीक्षा प्रारंभ होने की तिथि से कुछ दिन पहले जारी की जाएगी

रांची : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने जेईई मेंस 2025 के पहले चरण की परीक्षा की तिथि जारी कर दी है। पेपर वन (बीई व बीटेक) की परीक्षा दो पालियों में 22, 23, 24, 28 व 29 जनवरी तथा पेपर टू-ए (बीआर्क), पेपर टू-बी (बी प्लानिंग) और पेपर टू-ए व टू-बी (बी-आर्क व बी-प्लानिंग) की परीक्षा एकल पाली में 30 जनवरी को होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र परीक्षा प्रारंभ होने की तिथि से कुछ दिन पहले जारी की जाएगी। जेईई मेंस में श्रेणीवार ढाई लाख शीर्ष अभ्यर्थियों को जेईई एडवांस में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

जेईई मेंस की रैंक से एनआइटी, ट्रिपल आइटी सहित सरकारी अनुदान प्राप्त तकनीकी कालेजों में बीटेक, बीई, बीआर्क, बीप्लानिंग आदि कोर्स में नामांकन होगा। वहीं, आइआइटी में बीटेक कोर्स में नामांकन जेईई एडवांस की रैंक के आधार पर होगा। जेईई मेन में शामिल होने के लिए इस साल रिकार्ड 14 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। जेईई मेन का आयोजन देश के 284 शहरों में होना है। झारखंड में रांची समेत धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

Maurya News18 Ranchi.

CUJ : कैंपस प्लेसमेंट में दो छात्रों का अमूल में 6 लाख सालाना पर हुआ चयन

  • सीयूजे के कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास ने दी छात्रों को बधाई

रांची : सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (Central University Of Jharkhand) एमबीए (2023-25) के दो छात्रों राज रंजन और अल्ताफ राजा को 6.00 लाख रुपये प्रति वर्ष की सीटीसी पर अमूल (GCMMF) में टेरिटरी सेल्स प्रभारी के पद के लिए साक्षात्कार के लिए चुने गए। 12 छात्रों में से अंतिम रूप से चुना गया है। साक्षात्कार 28 दिसंबर 2024 को आयोजित किया गया था।

साक्षात्कार रेबती रमण जोनल प्रभारी (पटना जोन), विश्वजीत कुमार शाखा प्रबंधक (रांची शाखा) एवं अविनाश शर्मा अमूल (GCMMF) में प्रभारी अधिकारी (रांची शाखा) के द्वारा आयोजित किया गया था।

सीयूजे के कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास ने छात्रों को बधाई दी। उन्होंने सीयूजे में एमबीए छात्रों की प्लेसमेंट पहल के लिए बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के प्रयासों की भी सराहना की। इसकी सूचना प्लेसमेंट अफसर डा. नितेश भाटिया ने दी।

Maurya News18 Ranchi.

झारखंड स्टेट रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, 231 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

– टूर्नामेंट में झारखंड के 17 जिलों के 231 प्लेयर भाग ले रहे हैं

रांची : सरला बिरला यूनिवर्सिटी (Sarla Birla University Ranchi) के प्रांगण में चौथा झारखंड स्टेट रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर जनरल प्रोफेसर डाॅ गोपाल पाठक, विशेष अतिथि वाइस चांसलर एसबी डांडिल एवं रजिस्ट्रार विजय कुमार सिंह के द्वारा शुभारंभ किया गया। समारोह में ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, रांची जिला शतरंज संघ के सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, संयुक्त सचिव एवं टूर्नामेंट के मुख्य निर्णायक दीपक कुमार, टाटा स्टील के खेल प्रमुख विभूति अद्रेसा, सिन्गो मुर्मू, को-ऑर्डिनेटर प्रभात रंजन कुमार उपस्थित थे। यह टूर्नामेंट 8 चक्रों में खेला जाएगा। इसके बाद आठ चक्रों का ब्लिट्ज टूर्नामेंट खेला जाएगा जो दिनांक 4 से 5 जनवरी तक चलेगा। इस टूर्नामेंट में झारखंड के 17 जिलों के 231 प्लेयर भाग ले रहे हैं।
Maurya News18 Ranchi.

हर्षोल्लास के साथ 4 जनवरी को मनाया जाएगा भगवान अयप्पा का मंदिर उत्सव वर्ष

  • अयप्पा मंदिर में भगवान अयप्पा का भव्य उत्सव मनाया जा रहा है

रांची : रांची अयप्पा मंदिर सेक्टर 2 एचईसी टाउनशिप में भगवान अयप्पा का मंदिर उत्सव वर्ष 2024-25 श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। यह शुभ आयोजन 4 जनवरी और रविवार, 5 जनवरी 2025 को आयोजित किया जाएगा। शहर के सभी श्रद्धालुओं को इस पवित्र अवसर में शामिल होने और भगवान अयप्पा की दिव्य कृपा प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह उत्सव आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध होगा, जिसमें भगवान की महिमा को समर्पित परंपरागत रीति-रिवाजों का पालन किया जाएगा।

ये हैं प्रबंधन समिति के सदस्य :
सुधाकरण पिल्लई, राजा शेखरन पिल्लई, एसएच नाथन, के. रमेशन, एन. जयकुमार, सुकुमारन नायर, साजी नायर, केजी सजिवे, पीके उन्नीथन और समिति की महिला मंडली को भी समाहित किया गया है।

ये है उत्सव का कार्यक्रम :

  • पहला दिन : शनिवार 4 जनवरी को सुबह 6:30 बजे गणपति होमम के साथ प्रारंभ, उषा पूजा, भागवत पारायण, शाम में थलापोली और चेंदा मेलम के साथ शोभायात्रा (शिव मंदिर, एचईसी सेक्टर-2 से अयप्पा मंदिर तक), दीपाराधना, भजन, अथज पूजा, हरिवरासनम, प्रसाद वितरण
  • दूसरा दिन : रविवार, 5 जनवरी को सुबह 6:30 बजे महा गणपति होमम, उषा पूजा, अर्चना, चेंदा मेलम, मध्याह्न पूजा, दोपहर 2 बजे अन्नदानम, भजन, दीपाराधना, भजन और प्रसाद वितरण शामिल है।
  • Maurya News18 Ranchi.

DSPMU : युवा महोत्सव, युवाओं का युवाओं के लिए है एक वार्षिक समारोह : कुलपति

– डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी युनिवर्सिटी रांची में तीन दिवसीय युवा महोत्सव स्पंदन का किया उद्घाटन

– वर्ष 2018 से अब तक के युवा महोत्सव का अनुभव यह दर्शाता है कि इन युवा महोत्सव के माध्यम से सफल विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान स्थापित की है : डा. नमिता सिंह

रांची : डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी युनिवर्सिटी रांची (DSPMU Ranchi) के सभागार में रंगारंग कार्यक्रम के बीच तीन दिवसीय युवा महोत्सव स्पंदन की शुरुआत हुई। उद्घाटन और अध्यक्षता करते कुलपति डा. तपन कुमार शांडिल्य ने कहा इस युवा महोत्सव का उद्देश्य एक साझा मंच पर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों में सद्भाव, विश्वास और सृजनशीलता की अवधारणाओं को विकसित करना है। इस तीन दिवसीय युवा महोत्सव (Youth Festival) में युवा इन गतिविधियों के माध्यम से अपनी भावना को प्रदर्शित कर अपनी अभिव्यक्ति को सांस्कृतिक प्रतिभा के द्वारा प्रदर्शित कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्घाटन सत्र में संबोधित करते कहा आप युवा पीढ़ी में दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास ही आपको मंजिल तक पहुंचाएगी, संगठन और कर्म की भावना हर किसी विद्यार्थी में होनी चाहिए तभी वह व्यक्तित्व का विकास कर राष्ट्र का विकास कर सकता है। इसके पूर्व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मौके पर डीएसडब्ल्यू डा. सर्वोत्तम कुमार ने युवा महोत्सव के उद्देश्यों और महत्व की जानकारी दी। स्वागत भाषण और अतिथियों का स्वागत करते कुलसचिव डा. नमिता सिंह ने कहा वर्ष 2018 से अब तक के युवा महोत्सव का अनुभव यह दर्शाता है कि इन युवा महोत्सव के माध्यम से सफल विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान स्थापित की है। विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय भोपाल के समाजशास्त्री प्रो. एसएन चौधरी ने विश्वविद्यालय के अपने पूर्व युवा महोत्सव के अनुभवों को उपस्थित विद्यार्थियों के साथ साझा किया। उन्होंने कहा यह युवा महोत्सव विद्यार्थियों के आंतरिक सृजन को प्रदर्शित करने का एक सशक्त माध्यम है। उद्घाटन सत्र के बाद प्रथम दिन रंगोली प्रतियोगिता में 6, पोस्टर मेकिंग में 35, क्विज में 38, मेहंदी प्रतियोगिता में 24 और आन स्पाट पेंटिंग में 27 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा को दर्शाया। उद्घाटन सत्र में मंच संचालन मनीष मिश्रा और विनय भरत ने किया।

अलग अलग थीम पर दिखाई प्रतिभा :
गुरुवार को आयोजित रंगोली प्रतियोगिता का थीम फोक आर्ट्स एंड कल्चर था। इसमें कुल 6 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता डिजिटल इंडिया, ए न्यू होरिजन थीम पर आधारित थी। जिसमें कुल 35 प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता दर्शाई। मेहंदी प्रतियोगिता में 24 प्रतिभागी थे और थीम माडर्न मीट्स ट्रेडिशनल था। गुरुवार को आयोजित की आन स्पाट पेंटिंग में 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और थीम नेचुरल सिंफनी था। इन प्रतियोगिताओं के संचालन में डा. विद्या कुमारी, डा. अभय कृष्ण सिंह, डा. नमिता लाल, डा. शमा सोनाली, डा. आभा झा, डा. किरण झा, डा. एकता आदि शामिल रहे।

Maurya News18 Ranchi.