होम ब्लॉग पेज 32

विधानसभा चुनाव से पूर्व सिल्ली विधानसभा सीट सबसे ज्यादा चर्चित : देवेंद्र

– न्याय यात्रा 13 वें दिन भी जारी

रांची : राज्य में विधानसभा चुनाव की टिक-टिक तेज हो गई है और केंद्रीय निर्वाचन आयोग की टीम अपने निरीक्षण को लेकर झारखंड पहुंच चुकी हैं। सभी राजनीतिक दलों में सरगर्मी तेज हो गई है। इसके साथ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने भी अपने जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। संगठन केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो द्वारा न्याय एवं नव निर्माण यात्रा जारी है। 29 सितंबर को न्याय यात्रा का 13वां दिन भी आमजनों के बीच बीता। जिले के राहे प्रखंड में दौरा किया गया। राहे प्रखंड के कोटंगदाग, बुरुडीह, नरसिंह कोचा, बासाहातु, बीनवाडीह, इचाहातु, बारूडीह गांव में पदयात्रा की गई। संगठन के कार्यकर्ता में उत्साह देखा गया। लोग एक गांव से दूसरे गांवों तक पदयात्रा में शामिल हो रहे हैं। यात्रा के दौरान देवेंद्रनाथ महतो ने कहा चुनाव से पूर्व राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में से यह सिल्ली विधानसभा सबसे ज्यादा चर्चित बना हुआ है। आए दिन विभिन्न मीडिया प्रवक्ता एवं पॉलिटिकल पंडित के द्वारा सिल्ली विधानसभा सीट को लेकर चर्चा जारी है। इस बार जनता नए बदलाव के दृष्टिकोण से मतदान करेंगी।
Maurya News18 Ranchi.

झारखंड युवा सदन 4.0 का हिस्सा बने युवाओं ने संवैधानिक ज्ञान अर्जित कर सदन की कार्यशैली समझा

– आकाश पांडेय एवं कृशाणु आनंद के द्वारा आयोजित झारखंड युवा सदन 4.0 का समापन

रांची : अधिवक्ता आकाश पांडेय एवं कृशाणु आनंद के द्वारा आयोजित झारखंड युवा सदन 4.0 (Jharkhand Yuva Sadan 4.0) का समापन रविवार को हुआ। तीन दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्र से आए 150 से अधिक युवाओं ने संवैधानिक ज्ञान अर्जित कर सदन की कार्यशैली को व्यावहारिक तरीके से समझा। युवा सदन 4.0 के तीसरे दिन क्वेश्चर आवर, जीरो आवर और नो कांफिडेंस मोशन की प्रक्रिया के बाद मानव तस्करी विरोधक बिल पारित किया गया। समापन समारोह में अध्यक्ष आकाश पांडेय और निदेशक कृशाणु आनंद ने युवा सदन के सभी सदस्यों को सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया। आकाश पांडेय ने कहा युवा सदन 4.0 के विजेता को कैश प्राइज से सम्मानित किया जाएगा। बताया कि राज्य में मानव तस्करी एक ज्वलंत मुद्दा है, जिस पर लोग चर्चा नहीं करते। राज्य वासियों को इस विषय में सचेत और सजग बनाने के उद्देश्य से मानव तस्करी विधेयक बिल को युवा सदन 4.0 में पेश किया गया है। युवा सदन 4.0 को सफल बनाने में दानिश अख्तर, उमर, आयुष आर्यन, गौरव, दिव्यांशु, सुमंत, मुबारक अंसारी, पंकज, छोटू कुमार, श्रीपर्ण चटर्जी, अभिषेक बनर्जी, शिवांश श्रीवास्तव, कौशिक चौधरी और तनवीर का योगदान रहा। तीन दिवसीय कार्यक्रम में लोहरदगा से सांसद सुखदेव भगत, इंडस्ट्री सचिव जितेंद्र कुमार सिंह, लेबर सचिव मुकेश कुमार, चंचल भट्टाचार्य, चैंबर आफ कामर्स के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता ऋषिनद्र विक्रम सिंह, आइपीएस संजय रंजन और इंडियन स्टार्ट उप एसोसिएशन के अध्यक्ष राठिन भाद्रा शामिल हुए।
Maurya News18 Ranchi.

ISM Ranchi में सफल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव, छात्रों को मिले तीन कंपनियों से आफर…

रांची : इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट (ISM Ranchi) रांची में एमबीए के अंतिम वर्ष के छात्रों का एक सफल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। जिसमें हुंडई, अपना मार्ट, स्केचर्स, और सत्य माइक्रो फाइनेंस जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इस प्लेसमेंट ड्राइव में कई छात्रों आशीष झा, सृजन सौम्या, अतुल टोप्पो, दीपप्रकाश उपाध्याय, शिवलाल महतो, सेजल कुमारी, आयुष, अजीम अंसारी, राहुल कुमार, प्रवीण कुमार, शिवम नंदी को तीन-तीन कंपनियों से आफर मिले। इस उपलब्धि पर निदेशक डा. गंगा प्रसाद सिंह और सभी फैकल्टी सदस्यों ने छात्रों को बधाई दी। डा. गंगा प्रसाद सिंह ने छात्रों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने बताया कि आइएसएम में शिक्षण के साथ साथ बच्चों को इंडस्ट्री संबंधित प्रशिक्षण भी किया जाता है। यह प्लेसमेंट ड्राइव आइएसएम की प्रतिष्ठा को और मजबूत करती है, जो अपने छात्रों को उत्कृष्ट रोजगार के अवसर प्रदान करने में मदद करेगा।
Maurya News18 Ranchi.

बास्केटबाल : जेवीएम श्यामली ने आर्मी पब्लिक स्कूल की टीम को 17-16 अंकों से दी मात…

– सीबीएसई नई दिल्ली द्वारा आयोजित क्लस्टर 3 बास्केटबाल चैंपियनशिप प्रतियोगिता में बिहार और झारखंड की 55 टीम ने लिया हिस्सा

रांची : सीबीएसई नई दिल्ली (CBSE) के द्वारा 24 से 27 सितंबर तक दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो में क्लस्टर 3 बास्केटबाल चैंपियनशिप प्रतियोगिता (2024-25) आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बिहार और झारखंड के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों के लगभग 55 टीमों ने हिस्सा लिया। इस चैंपियनशिप में जवाहर विद्या मंदिर श्यामली (JVM Shyamali) की अंडर 19 की गर्ल्स टीम ने आर्मी पब्लिक स्कूल रांची की टीम को 17-16 अंक से मात देते हुए न केवल स्वर्ण पदक प्राप्त किया बल्कि नेशनल चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई किया जो कि अगले माह 9 से 12 अक्टूबर तक इंदौर मध्य प्रदेश में आयोजित होगी। अंडर 19 गर्ल्स टीम में अश्मी सिंह, अनुष्का झा, बानी छेत्री, उर्वशी सिंह, सान्वी पांडेय, श्रृष्टि रत्ना उरांव, तृप्ति प्रधान, रिया दास, अकर्षिका ओझा, वैभवी रानी, अंशुला शर्मा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र मिला। वहीं कक्षा नौवीं की छात्रा अश्मी सिंह ने अपने प्रदर्शन के कारण अंडर 19 लड़कियों के वर्ग में बेस्ट प्लेयर आफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार हासिल किया। विद्यालय की अंडर 14 गर्ल्स टीम और अंडर 19 ब्वायज टीम ने सेमीफाइनल में अपना दमखम दिखते हुए कांस्य पदक जीता। इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्राचार्य समरजीत जाना ने शारीरिक शिक्षक डा. मोती प्रसाद, दीपक सिन्हा, राखी शर्मा, आनंद विकास लुगुन, कुणाल किशोर और संतोष सिंह और तीनों टीमों को शानदार सफलता के लिए बधाई दी। कहा कि हमारे खिलाड़ी छात्र अपने खेल शिक्षक की निगरानी में  वर्ष भर यहां तक कि इम्तिहान के बीच में भी अभ्यास करते रहते हैं। इसमें अभिभावकों का भी पूर्ण सहयोग मिलता आया है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को विशेष रूप से धन्यवाद दिया, जिन्होंने खिलाड़ी छात्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। ये छात्र अपनी निरंतर मेहनत और खेल कौशल से इसे संभव बनाया। कहा कि हमें इन खिलाड़ियों पर गर्व है, इन्होंने राज्य और विद्यालय दोनों का नाम रोशन किया।
Maurya News18 Ranchi.

डीपीएस रांची की शिक्षिका हुईं सम्मानित, जाने प्राचार्य ने क्या कहा…

– बिहार और झारखंड डायरेक्टोरेट का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने आफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी ग्वालियर, मध्य प्रदेश में 45 दिनों का प्रशिक्षण लिया

रांची : दिल्ली पब्लिक स्कूल रांची (DPS Ranchi) की फिजिकल एजुकेशन विषय की ह्यूमिलिटी रक्षा मिंज (PGT) ने एक प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। 3 झारखंड गर्ल्स बटालियन के बिहार और झारखंड डायरेक्टोरेट का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने आफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी ग्वालियर, मध्य प्रदेश में 45 दिनों का प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के दौरान जो कि पीआरसीएन जेडब्ल्यू 114 पाठ्यक्रम का हिस्सा था।

डीपीएस रांची की शिक्षिका ह्यूमिलिटी रक्षा मिंज को सैद्धांतिक ज्ञान और निर्देशात्मक वितरण दोनों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देते हुए दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों बेस्ट इन एकेडमिक्स और एक्सीलेंस इन लेक्चर आईपी से सम्मानित किया गया। प्राचार्य डा. आरके झा ने शिक्षिका ह्यूमिलिटी रक्षा मिंज को बधाई देते हुए कहा हमें अफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन पर बेहद गर्व है। उनकी सफलता न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि नेतृत्व के पोषण में भी उनकी कड़ी मेहनत का प्रमाण है।
Maurya News18 Ranchi.

पक्ष व विपक्ष को अपने क्षेत्र की जन समस्याओं को सदन में रखने का मिला अवसर…

– झारखंड युवा सदन 4.0 के दूसरे दिन राज्य के 81 विधानसभा से आए चयनित 81 विधानसभा प्रतिनिधि सह राज्य के अलग अलग हिस्सों से आए 50 युवाओं ने लिया हिस्सा

रांची : झारखंड युवा सदन 4.0 (Jharkhand Yuva Sadan 4.0) के दूसरे दिन राज्य के 81 विधानसभा से आए चयनित 81 विधानसभा प्रतिनिधि सह राज्य के अलग अलग हिस्सों से आए 50 युवाओं ने सदन में अपना परिचय दिया। कांग्रेस से विजयी सांसद सुखदेव भगत ने कार्यक्रम में शामिल होकर सभी युवाओं का मनोबल बढ़ाया। सत्र की शुरुआत करते स्पीकर ऋषिनद्र विक्रम सिंह ने पक्ष व विपक्ष के विभिन्न युवाओं को अपने-अपने क्षेत्र की जन समस्याओं को सदन में रखने का मौका दिया। प्रश्नकाल में विधायकों ने मंत्रियों से राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर सवाल किया। जीरो आवर में राज्य के आवश्यक सार्वजनिक महत्व के मुद्दे पर परिचर्चा हुई। इसके बाद गृह मंत्री ने झारखंड में मानव तस्करी के रोकथाम के लिए सदन में मानव तस्करी विधेयक बिल पेश किया।

युवा सदन के अध्यक्ष आकाश पांडेय ने बताया हमारे राज्य में मानव तस्करी एक ज्वलंत मुद्दा है, जिसपर लोग चर्चा नहीं करते। युवा सदन के निदेशक कृष्णानु आनंद ने बताया जानकारी अनुसार पिछले कई वर्षों से राज्य में मानव तस्करी का जाल फैला हुआ है। मानव तस्करी के इस नेटवर्क में भोले-भाले बच्चों को फंसाया जाता है। कार्यक्रम के तीसरे दिन 29 सितंबर को सदन में बिल पास करने की प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा। मौके पर उमर शेख, तनवीर आलम, दिव्यांक, प्रवीण, शिवांश श्रीवास्तव, गौरव श्रीवास्तव और अन्य उपस्थित रहे।
Maurya News18 Ranchi.

सुरक्षित गर्भपात, महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों के महत्वपूर्ण पहलुओं से कराया अवगत….

– सुरक्षित गर्भपात, महिला स्वास्थ्य और अधिकारों पर छात्राओं को किया गया जागरूक

रांची : रांची वीमेंस कालेज (Ranchi Women’s College) में स्वच्छता ही सेवा, स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता अभियान के तहत अपूर्वा विवेक की संस्था हाशिया (महिलाओं के लिए सामाजिक कानूनी केंद्र) के सहयोग से आर्ट्स ब्लाक (Art’s Block) में सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार प्राचार्या डा. सुप्रिया के निर्देशन में किया गया। सेमिनार का आयोजन 28 सितंबर को प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर किया गया था, जिसका उद्देश्य छात्राओं और स्टाफ सदस्यों को सुरक्षित गर्भपात के विषय पर जागरूक करना था। महिला उत्थान की दिशा में कार्य करने वाली हाशिया सोशियो-लीगल सेंटर फार वुमेन ने छात्राओं को सुरक्षित गर्भपात, महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया।

सेमिनार में कानूनी ढांचे, चिकित्सा प्रक्रियाओं और सुरक्षित सेवाओं तक पहुंच के महत्व सहित सुरक्षित गर्भपात पर साक्ष्य-आधारित जानकारी दी गई। सेमिनार में गर्भपात से जुड़े आम मिथकों और गलत धारणाओं के साथ-साथ गर्भपात के मनोविज्ञानी और सामाजिक पहलुओं तथा इसकी आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। साथ ही छात्राओं, शिक्षिकाओं, और कर्मचारियों के लिए प्रश्न सत्र भी रखा गया, जहां उन्होंने खुलकर प्रश्न पूछे। वीडियो के माध्यम से मांडर और रातू से आईं दो सहिया और डा. इशानी सिंह ने कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस कार्यक्रम में 100 छात्राओं ने हिस्सा लिया।
Maurya News18 Ranchi.

हिंदी पखवाड़े का उद्देश्य हिंदी भाषा को बढ़ावा देना, जाने RU के कुलपति ने क्या कहा…

– केंद्रीय तसर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण रांची में हिंदी पखवाड़ा के तहत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन

रांची : केंद्रीय तसर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण रांची में हिंदी पखवाड़ा के तहत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि रांची यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. अजीत कुमार सिन्हा ने हिंदी के क्षेत्र में संस्थान के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 14 से 28 सितंबर तक हिंदी दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य हिंदी भाषा को बढ़ावा देना और इसके महत्व को प्रसारित करना है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, क्विज प्रतियोगता, संगोष्ठी और राजभाषा सम्मेलन आयोजित किए गए। हिंदी पखवाड़े के मुख्य समारोह में राजभाषा के महत्व पर चर्चा की गई।

संस्थान के निदेशक डा. एनबी चौधरी ने राजभाषा के महत्व एवं नियमों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़े का आयोजन कार्यालय में हिंदी दिवस के पहले या बाद में भी व्यापक कार्य किए जाने की मूल प्रभावी भावना के साथ राजभाषा के अधिक से अधिक उपयोग के लिए किया जाता है। इस अवसर पर हिंदी में अधिक कार्य करने वाले विज्ञानियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के साथ उत्तराखंड से आए तसर कृषकों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया। जिसका समन्वय डा. विशाल मित्तल ने किया। हिंदी पुरस्कार वितरण का समन्वय सुनील कुमार ने किया। कार्यक्रम का संचालन डा. जयप्रकाश पांडेय ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन डा. हनमंत गडद सी. ने किया।
Maurya News18 Ranchi.

RU : प्रशिक्षण प्राप्‍त स्‍कालरों एवं शिक्षकों के प्रदर्शन से खुश हुए कुलपति, जाने क्या कहा…

– सार्थक परिणामों के साथ रांची यूनिवर्सिटी की ई-कंटेंट डेवलपमेंट कार्यशाला का हुआ समापन

– विशेषज्ञों ने एआइ, यू-ट्यूब, मल्‍टीमीडिया साफ्टवेयर तथा एनिमेशन के माध्‍यम से पढ़ाई के लिए बेहतर ई-सामग्री निर्माण की बारीकियों से अवगत कराया

रांची : स्‍कूल ऑफ मास कम्‍युनिकेशन सभागार में ई-कंटेंट डेवलपमेंट (e-Content Development) पर संचालित छह दिवसीय कार्यशाला का 28 सितंबर को समापन हो गया। रांची यूनिवर्सिटी के आइक्‍यूएसी द्वारा आयोजित कार्यशाला के इन छह दिनों में 27 प्रतिभागियों ने ई-कंटेंट डेवलप करने की विभिन्न तकनीकों को सीखा। कार्यशाला में दिल्‍ली से आए प्रो. के. श्रीनिवास, प्रो. एमजे चंद्रा तथा प्रो. दीपक बिस्‍ला ने एआइ, यू-ट्यूब, मल्‍टीमीडिया साफ्टवेयर तथा एनिमेशन के माध्‍यम से पढ़ाई के लिए बेहतर ई-सामग्री निर्माण की बारीकियों से अवगत कराया। समापन सत्र में आरयू के कुलपति प्रोफेसर डा. अजीत कुमार सिन्‍हा ने कहा मैं स्वयं इस कार्यशाला को लेकर बहुत उत्साहित था और हर रोज इसे मानिटर करता था। कार्यशाला के लिए उन्होंने संयोजक डा. बीके सिन्हा एवं उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के बाद अपने प्रशिक्षणार्थियों की रचनात्मकता को देखकर मैं अभिभूत हूं। हमारे प्राध्यापकों में बहुत प्रतिभा है। कहा कि तकनीक इतनी तेजी से बदल रही है कि उसके साथ हमें चलना ही होगा, अन्‍यथा तकनीक आगे बढ़ती चली जाएगी और हम पीछे रह जाएंगे। कहा कि इस कार्यशाला से प्रशिक्षित सभी लोग अभ्यास करते रहे ताकि हम एक एक्‍सपर्ट टीम बना सके जो आरयू को आगे ले जाएं। कुलपति ने कहा हम जल्द‌ ही डाटा एनालिसिस पर भी एक तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कराएंगे। उन्‍होंने कार्यशाला में समय देने के लिए विशिष्‍ट अतिथि प्रो. के. श्रीनिवास का आभार व्यक्त किया।

वक्ताओं ने कुलपति का जताया आभार :
समापन सत्र में आरएलएसवाई कालेज से आईं प्रशिक्षणार्थी शिखा सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस कार्यशाला के लिए कुलपति व आइक्यूएसी का आभार जताया। कार्यशाला के को-आर्डिनेटर डा. विनोद कुमार महतो ने इस आयोजन की पहल के लिए कुलपति का आभार जताया। उन्होंने बताया इस कार्यशाला में 27 प्रतिभागियों ने भाग लिया और 17 सत्रों में जानकारियों से सभी रूबरू हुए। उन्होंने एक्सपर्ट प्रो. दीपक बिस्ला, प्रो. एमजे चंद्रा तथा प्रो. के. श्रीनिवास का धन्‍यवाद किया। प्रो. के. निवास ने कार्यशाला के प्रतिभागियों की उत्सुकता देखते हुए आगे भी आनलाइन कक्षाएं लेने की सहमति दी और मूक्‍स तथा स्‍वयं साफ्टवेयरों के बारे में बताया। आइक्यूएसी के डा. बीके सिन्हा ने कहा कार्यशाला के लिए हम डा. के. श्रीनिवास के आभारी हैं, जिन्होंने अपना समय और प्रशिक्षण हमारे प्रशिक्षणार्थियों को दिया। डा. बीके सिन्हा ने कहा कार्यशाला से प्राप्त जानकारियों से आरयू समृद्ध हुआ और भविष्य में इसका अच्छा परिणाम सामने आएगा। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों की लगन की सराहना की और कार्यशाला के लिए कार्यरत कमेटी के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।

ये रहे उपस्थित :
स्वागत भाषण आइक्‍यूएसी के निदेशक डा. सुदेश कुमार सिन्हा ने दिया तथा कार्यक्रम का संचालन डा. आनंद ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आरयू के कुलसचिव डा. विनोद नारायण ने सफल कार्यशाला के लिए कुलपति तथा कार्यशाला आयोजन समिति के सभी सदस्यों का आभार जताया। इस अवसर पर आइक्‍यूएसी के डा. जीएस झा, डिप्‍टी डायरेक्‍टर वोकेशनल डा. स्मृति सिंह, डा. शिप्रा, डा. सोनी तिवारी, मारवाड़ी कालेज के प्राचार्य डा. मनोज कुमार, मास काम के निदेशक डा. बीपी सिन्हा, डा. राजकुमार सिंह, डा. बीआर झा तथा अन्‍य विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
Maurya News18 Ranchi.

RU : परीक्षा में बेहतर अंक अर्जित करने के उद्देश्य से लिया गया मॉक टेस्ट…

– मॉक टेस्ट का आयोजन आरयू के भूगर्भ शास्त्र विभाग में आयोजित किया गया

रांची : रांची यूनिवर्सिटी (Ranchi University) के इंटरनल क्वालिटी एसेसमेंट सेल की ओर से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में शामिल होने के लिए मार्गदर्शन का आयोजन किया जाता रहा है। इसी क्रम में शनिवार को झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित होने वाली अस्सिटेंट कंजरवेटर आफ फारेस्ट (ACF) परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थियों के बीच मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। मॉक टेस्ट का आयोजन आरयू के भूगर्भ शास्त्र विभाग में आयोजित किया गया। टेस्ट में विज्ञान विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर अंक अर्जित करने के उद्देश्य से माक टेस्ट लिया गया। इस टेस्ट में कुल 150 आब्जेक्टिव प्रश्न दिए गए। परीक्षा के लिए निर्धारित 2 घंटे में सभी प्रश्नों का उत्तर देना था।

माक टेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को जहां विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के पीटी में पूछे जाने वाले विभिन्न प्रश्नों की जानकारी मिली, वहीं परीक्षा की तैयारी में अपनी कमी को ढूंढने के तरीकों से अवगत कराया गया। माक टेस्ट आयोजित करने में मुख्य रूप से जियोलाजी विभाग के विभागाध्यक्ष और इंटरनल क्वालिटी एसेसमेंट सेल की डा. स्मृति सिंह का योगदान रहा।
Maurya News18 Ranchi.