Home खबर एबीवीपी (ABVP) का राष्ट्रीय अधिवेशन 30 नवंबर से होगा शुरू, लोगो (LOGO)...

एबीवीपी (ABVP) का राष्ट्रीय अधिवेशन 30 नवंबर से होगा शुरू, लोगो (LOGO) जारी…

यह अधिवेशन अब तक का सबसे बड़ा अधिवेशन होगा, जिसमें लगभग 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे

रांची : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2023 तक दिल्ली में आयोजित अमृत महोत्सवी 69वें राष्ट्रीय अधिवेशन का लोगो जारी किया गया। शिलांग में चल रही अखिल भारतीय पदाधिकारी की बैठक में एबीवीपी (ABVP) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूनम सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल, केंद्रीय कार्य समिति सदस्य निधि त्रिपाठी तथा राष्ट्रीय मंत्री अंकिता पवार द्वारा जारी किया गया। यह अधिवेशन अब तक का सबसे बड़ा अधिवेशन होगा। जिसमें लगभग 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड के प्रदेश मीडिया प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्तमान समय में 44 लाख से अधिक सदस्यों वाली विश्व की सबसे बड़ा छात्र संगठन है। जो अपने स्थापना काल से विद्यार्थियों के हित एवं उन्नयन के लिए कार्यरत है। आज परिषद की इकाइयां देश के सभी परिसरों में कार्य कर रही हैं तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रवाद की अलख जगाने का काम कर रही है। अभाविप का आज विराट स्वरूप है, शैक्षिक परिवेश को बेहतर बनाने के साथ अपने आयामों के माध्यम से एबीवीपी सामजिक मुद्दों के समाधान के लिए भी कार्यरत है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड प्रांत के प्रांत मंत्री सोमनाथ भगत ने कहा कि इस वर्ष दिल्ली में एबीवीपी का 69वां राष्ट्रीय अधिवेशन बहुत ही भव्य तरीके से आयोजित होगा। जिसमें समूचे देश से आए छात्र-छात्राएं एवं प्राध्यापक कार्यकर्ता देश की संस्कृति, शिक्षा एवं सुरक्षा जैसे विषयों पर मंथन करेंगे। राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीयता का भाव देखने को मिलेगा। इसके साथ ही अधिवेशन में दिव्य और भव्य लघु भारत का भी दर्शन होगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों में अलग भाषा-अलग वेश के समागम से भारत की एकता और अखंडता का दिव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version