Home खबर 29 सितंबर से मोरहाबादी में शुरू होगा आजसू (AJSU) का तीन दिवसीय...

29 सितंबर से मोरहाबादी में शुरू होगा आजसू (AJSU) का तीन दिवसीय महाधिवेशन, तैयारियां पूरी…

  • राज्य की दिशा तय करेगा नवनिर्माण का संकल्प समागम : सुदेश महतो
  • झारखंड की चुनौतियों एवं मुद्दों पर होगा विचार मंथन, कई विशेषज्ञ लेंगे भाग
  • उदघाटन सत्र में झारखंड के आंदोलनकारियों को किया जाएगा सम्मानित

रांची : आजसू पार्टी (AJSU) के सातवें केंद्रीय महाधिवेशन का आयोजन रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा। यह महाधिवेशन 29, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को होगा। महाधिवेशन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल का नाम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा (Birsa Munda) परिसर रखा गया है। सभी कार्यक्रम झारखंड आंदोलन के प्रणेता, लड़ो और पढ़ो का नारा देने वाले विनोद बिहारी महतो सभागार में होगा।

पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए महाधिवेशन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। कहा कि आजसू का महाधिवेशन झारखंड नवनिर्माण का संकल्प समागम होगा। महाअधिवेशन को पूरे राज्य का अधिवेशन बनाने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य राज्य के निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों का सम्मान करना और अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले विशेषज्ञों के विचारों को एकत्रित कर उनकी रायशुमारी के आधार पर एक बेहतर झारखंड के लिए ब्लू प्रिंट भी तैयार करना है।

सम्मानित होंगे आंदोलनकारी :
महाधिवेशन के पहले दिन उद्घाटन सत्र में केंद्रीय अध्यक्ष का संबोधन होगा। इसी सत्र में झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसी दिन पार्टी का प्रतिवेदन पेश किया जाएगा। साथ ही पार्टी के संविधान संशोधन का भी प्रस्ताव पेश किया जाएगा इसके साथ ही झारखंड आंदोलन, राज्य की चुनौतियां, सामाजिक न्याय, राजनीतिक भागीदारी जैसे अहम विषयों पर अलग-अलग क्षेत्र के विशेषज्ञ परिचर्चा में अपनी बात रखेंगे। 30 सितंबर को झारखंड की चुनौतियों एवं ज्वलंत मुद्दों पर परिचर्चा की जाएगी। परिचर्चा में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे। पार्टी की यह समझ है कि उनके विचारों को संग्रहित कर विभिन्न पटल पर रखा जा सके, जिससे झारखंड के नवनिर्माण की रूपरेखा तय हो।

विमर्श और समाधान के लिए महवत्पूर्ण होगा महाधिवेशन :
मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता आजसू पार्टी डॉ देवशरण भगत ने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न आईआईटी, आईआईएम, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के प्रोफेसर के अलावा व्यवसायी वर्ग के लोग भी जुड़ेंगे। यह महाधिवेशन झारखंड के नवनिर्माण की दिशा में आने वाली चुनौतियों पर विमर्श और समाधान के लिए महवत्पूर्ण साबित होगा। महाधिवेशन के आखिरी दिन राजनीतिक प्रस्ताव पेश करने के साथ पार्टी के कार्यक्रम तय किए जाएंगे। साथ ही संगठन चुनाव और राजनीतिक संकल्प की घोषणा होगी। इसी दिन जनसभा का आयोजन होगा, जिसमें राज्य के सभी 32 हजार गांवों का प्रतिनिधित्व होगा। इस जनसभा में काम से कम 1 लाख लोगों की भागीदारी होगी।

इन विषयों पर होगी चर्चा :

  • झारखंड आंदोलन का औचित्य
  • झारखंडी युवाओं की चुनौतियां, स्थानीयता एवं नियोजन नीति
  • सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी
  • झारखंड की भाषा, संस्कृति
  • भूमि, कृषि एवं सिंचाई, खनन उद्योग, पर्यावरण और पर्यटन
  • झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति
  • स्वशासन एवं महिला सशक्तिकरण।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version