Home खबर आंशिक बादल ने दी रांची में राहत, दिन में तेज धूप तो...

आंशिक बादल ने दी रांची में राहत, दिन में तेज धूप तो शाम में तेज हवा…

  • राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्सों में 12 मई को रहेगा हीटवेव का असर जबकि दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भाग के जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज हवा बहने और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी

रांची : रांची और आसपास के जिलों में आंशिक बादल ने तेज धूप के असर को कम किया है और शाम में चली ठंडी हवा ने लोगों को राहत दी है। राजधानी के मांडर प्रखंड में 12.8 मिमी बारिश होने के बाद ठंडी हवा बही, जिससे रांची व आसपास के क्षेत्रों का तापमान गिर गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि 12 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और साहिबगंज में कहीं कहीं हीटवेव का असर देखने को मिलेगा, इसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावे निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने और बिजली गिरने की संभावना है, इसे लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर पूर्वी हिस्से में 13 और 14 मई को भी कई स्थानों पर हीटवेव का असर दिखेगा।

इन जगहों पर ऐसा रहेगा मौसम :

15 मई को उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़ बाकी स्थानों पर मेघगर्जन के साथ तेज हवा 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से बहेगी। साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले चार दिनों यानी 12, 13, 14 और 15 मई को अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है जबकि निकटवर्ती मध्य भाग और दक्षिणी भाग में कहीं कहीं वर्षापात होने से तापमान सामान्य बना रहेगा। झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कुछेक स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली गिरने की घटनाओं के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 12.8 मिमी रांची के मांडर में हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Maurya News18 Ranchi.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version