Home खबर राजधानी रांची व आसपास के क्षेत्रों में हुई वर्षा, गर्मी से मिली...

राजधानी रांची व आसपास के क्षेत्रों में हुई वर्षा, गर्मी से मिली राहत, जानिये अगले तीन दिनों तक कैसा रहेगा मौसम…

– गुरुवार को रांची व आसपास के जिलों में दिनभर आंशिक बादल तो छाए रहे लेकिन तेज गर्मी ने आमजनों का पसीना निकाल दिया
– वहीं शाम के बाद चल रही ठंडी हवा और वर्षा ने गर्मी से लोगों को राहत दी
– राज्य के दक्षिणी व उत्तर पूर्वी हिस्सों में रहेगा हीटवेव का असर
– राजधानी रांची व आसपास के क्षेत्रों में 19 मई तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है

रांची : राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में देर शाम हुई वर्षा ने गर्मी से लोगों को राहत दी है। रात करीब 8 बजे हुई वर्षा के बाद ठंडी हवा बहने लगी। गुरुवार को रांची व आसपास के जिलों में दिनभर आंशिक बादल तो छाए रहे लेकिन तेज गर्मी ने आमजनों की परेशानी बढ़ा दी। वहीं शाम के बाद चल रही ठंडी हवा और वर्षा ने गर्मी से लोगों को राहत दी। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि 16 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, धनबाद, गिरिडीह के अलावे दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 16 और 17 मई को राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़ शेष हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने की संभावना है, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी रांची व आसपास के क्षेत्रों में 19 मई तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है।


अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं :
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले दो दिनों यानी 16 और 17 मई को अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक यानी 18, 19 और 20 मई को तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। जिसके बाद गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कुछेक स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली गिरने की घटनाओं के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 44.4 मिमी पश्चिम सिंहभूम के हटगम्हरिया में हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस खूंटी में रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 37.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
Maurya News18 Ranchi.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version